CG News Times

Kabirdham Khelo India Dialogue: कबीरधाम में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन, सांसद संतोष पांडेय बोले- खेलों से बनता है अनुशासन और नेतृत्व का गुण

कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा स्थित शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय में ‘माय भारत खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना और महाविद्यालय के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में करीब 400 विद्यार्थी मौजूद रहे।

खेल स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व विकास का माध्यम

सांसद संतोष पांडेय ने विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम में राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी रोहित कुमार यादव, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी हेमलता और यूथ आइकॉन एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त रीना शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा उद्देश्य

‘खेलो इंडिया संवाद’ का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने खेल, फिटनेस, युवा सहभागिता और खेलों में उपलब्ध अवसरों से जुड़े सवालों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत लोहारा अध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी, श्रीमती सरिता मिश्रा, जिला युवा अधिकारी राज पटेल, महाविद्यालय की प्राचार्य के.एस. परिहार सहित अन्य अतिथि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *