कवर्धा। अपनों से बिछड़ने के बाद घबराए तीन बच्चों के चेहरों पर कबीरधाम पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से फिर मुस्कान लौट आई। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर मिले तीन बच्चों की तत्काल पतासाजी कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में 30 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की गई।
कलेक्टर कॉलोनी में अकेली मिली बच्ची

कलेक्टर कॉलोनी स्थित प्रतीक्षालय में एक बच्ची के अकेले मिलने की सूचना पार्षद दुर्गेश अवस्थी ने सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
इसके बाद पुलिस ने बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली लालजी सिन्हा के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई के दौरान बच्ची की मां का पता लगाया गया। आवश्यक पुष्टि के बाद बच्ची को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
सरोधा डेम में भीड़ के बीच बिछड़े दो बच्चे
इसी तरह सरोधा डेम में भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़े 8 वर्षीय पोषण निषाद और 9 वर्षीय वासु निषाद को पेट्रोलिंग टीम ने सुरक्षित संरक्षण में लिया।
बच्चों के परिजनों की तलाश के लिए पुलिस ने तत्काल प्रयास शुरू किए। सउनि राजकुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में टीम ने अथक प्रयास कर दोनों बच्चों के परिजनों का पता लगाया और उन्हें सकुशल उनके परिवार को सौंप दिया।
परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
बच्चों के सुरक्षित वापस मिलने के बाद उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई। परिजनों ने कबीरधाम पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि मुश्किल परिस्थिति में पुलिस की त्वरित मदद और संवेदनशील रवैया परिवारों के लिए बड़ी राहत बन सकता है।
