कबीरधाम। तरेगांव जंगल इलाके में हुई डकैती के मामले में कबीरधाम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 11.9 किलो चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर NS बाइक और 1500 रुपए नकद बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर की शाम वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की वारदात हुई थी। इसकी शिकायत पर थाना तरेगांव जंगल में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा आसपास के 24 गांवों के 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने ग्राम बिरकोना के पास निखिल कुर्रे को पकड़ा। इसके बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, तीनों की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से करीब 11.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
शराब भट्ठी के सामने मिले, फिर किया पीछा

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 27 अक्टूबर को आरोपी पंडरिया स्थित देशी शराब भट्ठी के सामने इकट्ठा हुए थे। इसके बाद वे दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव की ओर निकले। यहां उन्होंने बाजार क्षेत्र में रहकर वेदप्रकाश सोनी की गतिविधियों और आने-जाने पर नजर रखी।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही वेदप्रकाश मोटरसाइकिल से निकले, आरोपियों ने उनका पीछा किया। मछरीरेवार मंदिर घाटी से पहले रास्ता रोककर उनके और साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद उनके पास रखे सामान और जेवरात लेकर फरार हो गए।
मुंगेली में बांटे थे लूटे गए जेवरात
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी लूटे गए सामान को लेकर मुंगेली पहुंचे और चौपाटी के पास मिले। यहां से चांदी के जेवरात बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बनाई गई। आरोपियों ने जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपा दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जेवरात बरामद किए।
तीन आरोपी जेल भेजे गए, दो की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस अब मामले में शामिल शेष दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक, डीएसपी डॉ. प्रशांत देवांगन सहित तरेगांव जंगल, पंडरिया, पांडातराई और कुकदूर थाने की पुलिस टीमों की भूमिका रही।
सराफा कारोबारियों से पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने सराफा व्यापारियों और अन्य व्यवसायियों से दुकानों में अच्छी गुणवत्ता के CCTV कैमरे लगाने, कीमती जेवरात और नकदी सुरक्षित लॉकर में रखने तथा उनका परिवहन करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया है।
