CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; जानिए आपके जिले का हाल
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है, जिसके चलते कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।
CG Weather Update: मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से लेकर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर में सुबह से बारिश, सड़कों पर जलभराव
राजधानी रायपुर में रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है।
बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी जमा होने लगा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 अगस्त को रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अगले 5 दिन बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में और वृद्धि हो सकती है। प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश, जबकि कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के आसपास रही है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक बारिश सामान्य से केवल 3 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
CG Weather Update: इन इलाकों में यलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया और बलरामपुर समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट सक्रिय है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा 12 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 12-12 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा राजपुर में 10 सेमी, कुसमी और चांदो में 9-9 सेमी, जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई।
बलरामपुर में 6 सेमी, जबकि कर्तला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई।
