CG News Times

कबीरधाम में गोवंश से क्रूरता, 3 आरोपी गिरफ्तार; 11 गोमाता और माजदा वाहन जब्त

कबीरधाम। रणवीरपुर पुलिस ने गोवंश को बिना चारा-पानी के मारते-पीटते हुए क्रूरतापूर्वक परिवहन कर ले जाने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 गोमाता और परिवहन में इस्तेमाल माजदा वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, रणवीरपुर चौकी और थाना सहसपुर लोहारा की टीम ने रणवीरपुर मेन रोड के पास कार्रवाई की। इस दौरान गोवंश को कथित तौर पर बिना चारा-पानी के क्रूर तरीके से ले जाते हुए पाया गया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश चंद भट्ट (55), हिरेन्द्र कुमार लोधी (26) और कृष्णा कुमार साहू (45) के रूप में हुई है। तीनों बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 गोमाता, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए, और माजदा वाहन क्रमांक CG-07-CA-6546, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है, जब्त किया है।

मामले में अपराध क्रमांक 137/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण संशोधन अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई। चौकी प्रभारी सिकंदर कुर्रे सहित पुलिस टीम की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *