कवर्धा, 05 सितंबर 2026। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने शनिवार को सहसपुर लोहारा तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील परिसर और कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। शासकीय कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्धता के साथ काम होना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी न हो।

कलेक्टर ने तहसील भवन का निरीक्षण करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराने और खराब व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यालय से किसानों, आम नागरिकों और आवेदकों को बेहतर वातावरण मिलता है।
इसके बाद कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने सहसपुर लोहारा स्थित नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षों और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कार्यालय को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों और किसानों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए। उनके प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
