CG News Times

पंडरिया : शिक्षक दिवस पर विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा के शिक्षकों का किया अभिनंदन, भावना दीदी की साइंस पाठशाला कार्यशाला का भी शिक्षकों ने किया अवलोकन

भावना दीदी की साइंस पाठशाला की शुरुआत, ड्रोन-रोबोटिक्स और AI से जुड़ेंगे 5 हजार विद्यार्थी

पंडरिया। शिक्षक दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान के लिए विधानसभा स्तरीय शिक्षा अभिनंदन समारोह 2026 का आयोजन किया गया। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ग्राम उड़ियाकला में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शिक्षकों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की पहली कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसका उद्देश्य पंडरिया विधानसभा के शासकीय और शिशु मंदिर विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और भविष्य की शिक्षा से जोड़ना है। कार्यशाला में शिक्षकों ने ड्रोन, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और 3D आर्ट जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़ी शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।

5 हजार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का लक्ष्य

‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से हर वर्ष विधानसभा क्षेत्र के करीब 5 हजार छात्र-छात्राओं को भविष्य की तकनीक और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पहल का उद्देश्य ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

67 शिक्षकों को किया सम्मानित

समारोह में विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के 67 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इसके अलावा सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए 50 शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।

वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में विपरीत परिस्थितियों के बीच शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2026 के तहत 8 शिक्षा दूत और 1 ज्ञान दीप पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों का अभिनंदन किया गया।

बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत विद्यार्थियों को उत्तीर्ण कराने वाले 8 विद्यालयों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से आए 1600 से अधिक शिक्षकों का सम्मान किया गया।

‘शिक्षक समाज के सबसे महत्वपूर्ण शिल्पकार’

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन मूल्यों का निर्माण करते हैं। शिक्षक द्वारा तैयार किया गया विद्यार्थी आगे चलकर परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में अनेक शिक्षक सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे शिक्षकों के योगदान को सामने लाना और उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है।

छात्राओं के लिए 10 निःशुल्क बस सेवाएं

विधायक ने कहा कि छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए क्षेत्र में कई पहल की जा रही हैं। महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए घर से कॉलेज आने-जाने के लिए 10 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे अब तक 1500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि ‘लक्ष्य’ निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इसके साथ ही शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ उन्हें भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

विधायक ने कहा कि हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी विद्यार्थी अवसरों के अभाव में पीछे न रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने शिक्षकों से संवाद कर उनके सुझाव और अनुभव भी जाने। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई योजनाओं को लेकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, शिक्षकगण, उनके परिजन और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *