Kawardha News: भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने से जुड़े गन्ना किसानों के लिए बड़ी खबर है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण का शुभारंभ किया। किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि लगातार तीसरे वर्ष किसानों को इस तरह रियायती दर पर शक्कर दी जा रही है।
कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री श्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से मिले एफिशिएंसी अवार्ड के लिए क्षेत्रवासियों, किसानों और कर्मचारियों को बधाई दी गई।


28 हजार शेयरधारी किसानों को मिलेगा लाभ
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी मजबूती किसानों की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4 हजार 686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके बाद अब लगभग 28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को मिल रहा यह लाभ सहकारिता की भावना और कारखाने के साथ उनके जुड़ाव का परिणाम है। किसानों की भागीदारी से कारखाने को लगातार मजबूत किया जा रहा है
गन्ने की पेराई का लक्ष्य बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन
विजय शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष भोरमदेव शक्कर कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कारखाना लगातार सुचारु रूप से संचालित हो सके और इसका लाभ किसानों तक पहुंचता रहे।

लगातार दो साल देश में सर्वाधिक रिकवरी
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 में पूरे देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल करने का गौरव प्राप्त किया है। इसके लिए कारखाने को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण पत्र और एफिशिएंसी अवार्ड भी मिला है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ कारखाने की नहीं है, बल्कि किसानों की मेहनत का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण गन्ने के उत्पादन और किसानों के परिश्रम से कारखाना इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना मिलकर भोरमदेव शक्कर कारखाने को नई पहचान दे रही है।

किसानों की सुविधा के लिए बनेगा डोम
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सहकारी व्यवस्था में होने वाला लाभ सभी सदस्यों के बीच साझा होता है और किसानों के लिए सहकारिता एक उपयोगी व्यवस्था है।
उन्होंने किसानों से कारखाने से जुड़कर शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के माध्यम से इसकी गतिविधियों को मजबूत करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।
‘कवर्धा के किसानों की मेहनत ने प्रदेश को दिलाई पहचान’
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह दिन किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। तीजा पर्व और गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच किसानों को रियायती दर पर शक्कर का वितरण शुरू होना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय किसानों को कम दर पर शक्कर मिलने से उनके घरों में खुशियों की मिठास बढ़ेगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में शक्कर वितरण की व्यवस्था फिर शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत और बेहतर गन्ना उत्पादन ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। सरकार का प्रयास है कि गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उत्पादन को और बढ़ाया जाए।


