CG News Times

Kabirdham Police News: अपराध, साइबर ठगी और फरार आरोपी… IG ने कुण्डा थाने में लिया पूरा हिसाब

Kabirdham Police News: राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने कबीरधाम जिले के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान थाना कुण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भूपत सिंह भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान IG ने थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों और थाना स्तर पर संचालित विभिन्न पुलिस कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी सहित मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने कहा कि थाना आम नागरिकों की सुरक्षा, सेवा और उनकी समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी और नागरिक के साथ संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाना चाहिए।

उन्होंने शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग और अन्य प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका जल्द से जल्द निराकरण करने को कहा।

गंभीर मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों के इस्तेमाल पर जोर

IG ने गंभीर और महत्वपूर्ण मामलों की विवेचना में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों को मामलों की जांच में सभी आवश्यक पहलुओं को ध्यान में रखने को कहा।

महिला, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर रखें नजर

थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के साथ असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए। IG ने नियमित पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की तलाश कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बीट व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और आम नागरिकों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने की बात भी कही।

 

साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर भी फोकस

पुलिस महानिरीक्षक ने साइबर अपराधों को लेकर नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाने और साइबर ठगी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और बेहतर कार्यालयीन व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, बेहतर टर्नआउट और जनसेवा की भावना के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

‘पुलिस पर जनता का विश्वास मजबूत करना भी जिम्मेदारी’

IG अजय कुमार यादव ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है। आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने थाना स्टाफ को टीम भावना के साथ काम करने, बेहतर पुलिसिंग, त्वरित जनसमस्या निराकरण और जनविश्वास को लगातार मजबूत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *