CG News Times

पंडरिया: दशरंगपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, दही हांडी विजेता टीमों को विधायक भावना बोहरा ने किया पुरस्कृत

पांच टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा, हजारों लोगों की मौजूदगी में गूंजा ‘जय श्रीकृष्ण’ का उद्घोष

दशरंगपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पंडरिया विधानसभा के ग्राम दशरंगपुर स्थित बजरंग चौक में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ युवाओं का उत्साह और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। प्रतियोगिता में पांच टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी आयोजन में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक भावना बोहरा ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

दही हांडी फोड़ने के लिए गोविंदा टोलियों ने मानव पिरामिड बनाकर हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया। इस दौरान पूरा आयोजन स्थल ‘जय श्रीकृष्ण’ के उद्घोष से गूंज उठा। युवाओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और प्रतिभागियों ने तालमेल, साहस, धैर्य और सामूहिक क्षमता का प्रदर्शन किया। विधायक भावना बोहरा ने सभी टीमों का उत्साहवर्धन किया।

लिटीपुर की टोली रही विजेता

 

दही हांडी प्रतियोगिता में ग्राम लिटीपुर की टोली ने प्रथम स्थान हासिल किया। विधायक भावना बोहरा ने विजेता टीम को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

ग्राम मरका की टोली ने दूसरा स्थान हासिल किया, जिसे 15 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं ग्राम गोछिया-पेंड्री की टोली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम को 11 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।

विधायक भावना बोहरा ने सभी विजेता टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

‘श्रीकृष्ण के विचारों को जीवन में अपनाने का पर्व’

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल उत्सव नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के विचारों और उनके जीवन संदेश को आत्मसात करने का पर्व है। श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जब अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है, तो इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत और मजबूत होती है। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी और क्षेत्रवासियों के उत्साह ने आयोजन को भव्य बना दिया।

भावना बोहरा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को रचनात्मक मंच देने के साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन, संगठन क्षमता और सहयोग की भावना विकसित करते हैं।

कार्यक्रम में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, विभिन्न मंडलों की टीमें, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *