कबीरधाम। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पिपरिया पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त शराब की मात्रा 5.580 बल्क लीटर और कीमत करीब 2,480 रुपए बताई गई है, जबकि बाइक की कीमत करीब 30 हजार रुपए है।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब लेकर कान्हाभैरा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम रवाना की गई।
पुलिस टीम ने कॉलेज रोड नहर स्थित पानी टंकी, पिपरिया के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 31 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान सनत निर्मलकर (39) निवासी कान्हाभैरा और मनोज चंद्रवंशी (38) निवासी कान्हाभैरा के रूप में की है। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी नितिन तिवारी के साथ प्रशिक्षु उप निरीक्षक विकास ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक मुकेश साहू, आरक्षक हेमंत शर्मा, राजकुमार साहू और किशन कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
