CG News Times

Kabirdham Sankalp Yatra: 60 युवा, 5 तीर्थ और एक बड़ा संकल्प… द्वारिका में क्या हुआ?

Kabirdham Sankalp Yatra: युवा मित्र मंडल, जिला कबीरधाम की ओर से भारत को ‘संवैधानिक हिंदू राष्ट्र’ बनाने के संकल्प को लेकर 7 दिवसीय यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। कवर्धा से शुरू हुई यह यात्रा द्वारिका तक पहुंची, जहां भगवान द्वारिकाधीश के आशीर्वाद के साथ हिंदू राष्ट्र अभियान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

आयोजकों के अनुसार, पूरीपीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से आयोजित इस यात्रा में कबीरधाम, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के करीब 60 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

द्वारिका से सोमनाथ तक तीर्थ दर्शन

7 दिवसीय यात्रा के दौरान युवाओं को धर्मशास्त्र को समझने और प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिला। यात्रा में द्वारिका जी, नागेश्वर जी, सोमनाथ जी, भेंट द्वारिका और सुदामा पुरी के दर्शन किए गए।

आयोजकों ने बताया कि तीर्थ यात्रा के साथ युवाओं के लिए प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें आध्यात्मिक अभ्यास और विभिन्न विषयों पर बौद्धिक चर्चा हुई।

योग और ध्यान का भी हुआ अभ्यास

प्रशिक्षण के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर जी द्वारा निर्देशित योगाभ्यास एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को मानसिक एकाग्रता और आध्यात्मिक अनुशासन से जोड़ना था।

रात्रिकालीन बौद्धिक सत्रों में भारत को ‘संवैधानिक हिंदू राष्ट्र’ बनाने की परिकल्पना को लेकर विभिन्न सवालों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें इस संकल्प की आवश्यकता क्यों है, इससे राष्ट्र को क्या लाभ होगा, इसका निर्माण कौन करेगा, यह संकल्प कब तक पूरा हो सकता है और इसे कैसे पूरा किया जाएगा जैसे विषय शामिल रहे।

हर प्रतिभागी ने किया सवा लाख भगवान नाम जाप

यात्रा की एक विशेष बात यह रही कि प्रशिक्षण में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी ने संकल्प की सिद्धि के लिए सवा लाख भगवान नाम जाप किया। आयोजकों के अनुसार, यात्रा और प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया।

इनकी रही प्रमुख भूमिका

यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग में प्रांत संगठन मंत्री कैलाश शर्मा, प्रांत अध्यक्ष सुधीर सेंगर, उपाध्यक्ष राहुल चौरसिया, नभो मार्ग प्रमुख बृजेश तिवारी, हनुमंत दल प्रांत संयोजक हिंदू दुर्गेश देवांगन, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहू, जिला महामंत्री रुपेश वर्मा, हनुमंत दल जिला संयोजक मनोज साहू समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

विशेष अतिथि के रूप में विश्वजीत उर्फ मोनू ठाकुर, विकास मिश्रा और सुभाष तम्बोली शामिल हुए। वहीं प्रशिक्षणार्थियों में दीपक यादव, डेविड शर्मा, जागेलाल वर्मा, लीलाधर साहू, हेम कुमार पटेल, धनीराम साहू, राजा पाली, चंद्रू चेलक और शनेश्वर निषाद सहित करीब 60 युवा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *