कबीरधाम। रात के समय सड़क पर बैठे और विचरण करते गौवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कबीरधाम पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में चौकी पोड़ी पुलिस ने जनसहभागिता से विशेष पहल करते हुए सड़क पर बैठे गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट बांधे।
कबीरधाम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क पर बैठे एवं विचरण करने वाले गौवंश और अन्य मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, वाहन चालकों एवं राहगीरों की सुरक्षा और बेजुबान पशुओं के जीवन की रक्षा के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
हाईवे पर बैठे गौवंश को पहनाए रेडियम बेल्ट
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के अलग-अलग थाना, चौकी और यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 21 अगस्त 2026 की रात चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में चौकी पुलिस स्टाफ, गौसेवकों और क्षेत्र के नागरिकों की संयुक्त टीम ने हाईवे रोड पर बैठे गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाए।
रात में दूर से नजर आएंगे गौवंश
रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी कम रोशनी और बारिश के दौरान वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक टक्कर होने की आशंका बनी रहती है। दुर्घटना में वाहन चालक और राहगीरों के साथ बेजुबान पशुओं की जान भी खतरे में पड़ जाती है।
रेडियम बेल्ट पर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वह चमकने लगता है। इससे सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालक को दूर से ही दिखाई दे जाता है। चालक समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकता है और संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।
हादसे के बाद कार्रवाई से बेहतर, पहले से रोकथाम
पोड़ी पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय दुर्घटनाओं की संभावित वजहों को पहले ही चिन्हित कर उन्हें रोकना है। पुलिस ने जनसुरक्षा के साथ पशु सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है और अभियान में आमजन, पशुपालकों तथा गौसेवकों को जोड़ा गया है।
पुलिस ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़क पर न छोड़ें। सड़क पर बैठे या विचरण करते गौवंश एवं अन्य मवेशियों को देखने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें।
पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है।
गौसेवकों और नागरिकों का मिला सहयोग
इस जनहितकारी अभियान में वेद साहू, दीपेश साहू, जितेश निर्मलकर, लल्ला यादव, प्रमोद साहू, डॉ. गोपाल चंद्रवंशी और श्रीप्रकाश साहू सहित क्षेत्र के गौसेवकों एवं नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा।
कबीरधाम पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा के लिए इस तरह के जनसहभागिता वाले अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
