Kabirdham News: कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल क्षेत्र को विकास की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली तीन सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 15.40 किलोमीटर होगी।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद बैगा बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में आसान होगी।
इन तीन मार्गों का होगा निर्माण
भूमिपूजन के तहत मुड़घुसरी से ठाकुरटोला मार्ग का 3.30 किलोमीटर, ठाकुरटोला से बांटीपथरा मार्ग का 4 किलोमीटर और सिंघारी से पांडातराई मार्ग का 8.40 किलोमीटर लंबाई में निर्माण किया जाएगा।
इन मार्गों के बेहतर होने से वनांचल के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

बेहतर सड़क से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच होगी आसान
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का विकास शासन की प्राथमिकता है। सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं के रास्ते भी खोलती हैं। सड़क सुविधा बेहतर होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज, मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र और किसानों व ग्रामीणों को बाजार तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

ग्रामीणों से किया संवाद, सुनीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और जरूरी विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। साथ ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति भी जानी।
उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है और शासन विकास कार्यों एवं योजनाओं के माध्यम से जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, मनीराम साहू, भुनेश्वर चंद्राकर, रामकिंकर वर्मा, खिलेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

