Kabirdham Crime News: कबीरधाम जिले के दामापुर क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के दिशा-निर्देश में दामापुर चौकी और साइबर थाना पुलिस की टीम ने की।
संदूक का कुंदा तोड़कर चोरी किए थे गहने
पुलिस के मुताबिक, दामापुर क्षेत्र निवासी चन्दुलाल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त से 30 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में रखे संदूक का कुंदा तोड़ दिया। इसके बाद संदूक में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए।
चोरी किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 1.45 लाख रुपए बताई गई थी। शिकायत के आधार पर दामापुर चौकी में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर संदेही से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राजेश धुर्वे (35), निवासी ग्राम कुआमालगी, चौकी दामापुर से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रार्थी के घर में चोरी करना स्वीकार किया और चोरी किए गए सामान को अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी।

सोने-चांदी के जेवर बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की पत्ती 4 नग, चांदी का लच्छा 2 नग, पायल 2 नग और करधन 1 नग बरामद किया। पुलिस ने इन सामानों को जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध घटित करना पाए जाने पर उसे 13 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
दामापुर और साइबर थाना टीम की भूमिका
चोरी के मामले का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी दामापुर उप निरीक्षक रोशन टोंडे, आरक्षक हेमंत चंद्रवंशी तथा साइबर थाना टीम के आर. गज्जू राजपूत, अमित ठाकुर और पूरन दाहिरे का योगदान रहा।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक सूना छोड़ते समय जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

