CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: थाने पहुंचकर छात्रों ने जाना पुलिस का कामकाज, साइबर ठगी से बचने के सीखे तरीके

कबीरधाम। साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को थाना पिपरिया में सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं का भ्रमण कराया गया।

थाना परिसर पहुंचने पर विद्यार्थियों में पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने की व्यवस्थाओं को करीब से जानने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। थाना पिपरिया प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी ने विद्यार्थियों को थाना परिसर का भ्रमण कराया और पुलिस के विभिन्न कार्यों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा और सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा

थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस के दैनिक कार्यों और थाना स्तर पर की जाने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल की। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

इसके साथ ही अनजान नंबरों से आने वाले कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज और सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अपनी निजी जानकारी और फोटो अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

चॉकलेट देकर बढ़ाया बच्चों का उत्साह

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए चॉकलेट का वितरण भी किया गया। थाना भ्रमण और साइबर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने जहां पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा, वहीं डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और सतर्क रहने के महत्वपूर्ण तरीके भी सीखे।

कबीरधाम पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विभिन्न वर्गों के लोगों के बीच लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करना और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *