CG News Times

कबीरधाम के सड़क हादसे में घायल लोगों से मिले विजय शर्मा, AIIMS में जाना हाल; डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने रायपुर AIIMS पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

विजय शर्मा ने AIIMS के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की वर्तमान स्थिति, चल रहे इलाज और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया को लेकर डॉक्टरों से चर्चा की। साथ ही घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने ग्राम बांधाटोला निवासी 5 वर्षीय लुकेश पटेल, 2 वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। बच्चों समेत हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों को उन्होंने ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है।

हादसे के बाद से परिवारों के संपर्क में

उप मुख्यमंत्री हादसे के बाद से लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं। अस्पताल में भर्ती कराने से लेकर घायलों के उपचार तक की स्थिति की जानकारी लेते हुए परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया जा रहा है।

दिवंगतों के घर भी पहुंचे थे विजय शर्मा

हादसे के बाद विजय शर्मा कबीरधाम जिले में दुर्घटना में दिवंगत लोगों के घर भी पहुंचे थे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की थी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था। इसी दौरान उन्होंने हादसे में घायल लोगों के परिजनों से भी मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *