कवर्धा, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले में लगाए जा रहे शिविरों में नागरिकों को राशन कार्ड से जुड़ी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनपद पंचायत कवर्धा में आयोजित शिविर में ई-केवाईसी, आधार इनरोलमेंट, मोबाइल सीडिंग के साथ नए राशन कार्ड के लिए आवेदन लिए गए।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गणपत बघेल, श्री गणपत बघेल, जनपद सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में नागरिक और राशन कार्ड हितग्राही शामिल हुए। खाद्य विभाग की टीम ने हितग्राहियों की ई-केवाईसी, आधार इनरोलमेंट और मोबाइल सीडिंग की प्रक्रिया पूरी की। नए राशन कार्ड बनवाने के लिए पात्र नागरिकों से आवेदन भी लिए गए।
50 से ज्यादा लोगों ने लिया लाभ

जनपद पंचायत कवर्धा में आयोजित शिविर में 50 से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया। उन्हें खाद्य विभाग की योजनाओं और राशन कार्ड से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इसी तरह विकासखंड सहसपुर लोहारा के जनपद पंचायत लोहारा में भी सेवा संकल्प शिविर लगाया गया। यहां 100 से अधिक हितग्राही पहुंचे। अधिकारियों ने राशन कार्ड से संबंधित सेवाओं, विभागीय योजनाओं और पात्रता की जानकारी दी। हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं और आवश्यकतानुसार उनका निराकरण किया गया।
जिले में 2.97 लाख राशन कार्डधारी परिवार
खाद्य अधिकारी श्री देवांगन ने बताया कि कबीरधाम जिले में कुल 2 लाख 97 हजार राशन कार्डों में दर्ज करीब 9 लाख 39 हजार सदस्यों को निर्धारित पात्रता के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की जानकारी अपडेट रखने और जरूरत के अनुसार ई-केवाईसी सहित अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराने की अपील की।
