CG News Times

पंडरिया में भावना बोहरा ने बढ़ाया गोविंदाओं का उत्साह, दही हांडी में दिखा युवाओं का दमखम

पंडरिया: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पंडरिया विधानसभा में भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में पंडरिया, कुई-कुकदुर और दुल्लापुर मंडल की 15 टोलियों ने हिस्सा लिया। दही हांडी फोड़ने के लिए टोलियों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे। तालियों और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

रौहा और केसलीगोडान की टीम बनी विजेता

दही हांडी प्रतियोगिता में ग्राम रौहा और ग्राम केसलीगोडान की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। ग्राम मैनपुरा की टीम दूसरे और स्टार गोल्ड पंडरिया की टीम तीसरे स्थान पर रही।

विधायक भावना बोहरा ने विजेता टीम को ₹25 हजार और ट्रॉफी, उपविजेता टीम को ₹15 हजार और ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रही टीम को ₹11 हजार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

भावना बोहरा ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह

कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने सभी प्रतिभागी युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण युवाओं की सहभागिता, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयास है। दही हांडी प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का अवसर है।

भावना बोहरा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी जैसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलती है और उनमें टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

5 सितंबर को दशरंगपुर में होगा आयोजन

पंडरिया विधानसभा के विभिन्न मंडलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता के आयोजन की श्रृंखला चल रही है। इसी क्रम में 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इंदौरी एवं रणवीरपुर मंडल का संयुक्त आयोजन होगा।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *