CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: 30 पाव अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

कवर्धा: कबीरधाम में अवैध शराब के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ट्रांसपोर्ट नगर सब्जी मंडी के पास NH-30 मेन रोड से पुलिस ने 30 पाव देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 5.400 बल्क लीटर शराब, एक मोटरसाइकिल और 160 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध देशी शराब का परिवहन और बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान सागर नामदेव (28 वर्ष), निवासी करपात्री पार्क, कवर्धा के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 J 6792 की डिक्की की तलाशी ली, जिसमें सफेद बोरी के अंदर 180 एमएल की बोतलों में 10 पाव रोमिया देशी प्लेन और 20 पाव पावर देशी प्लेन शराब मिली।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत 2,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अवैध शराब या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *