CG Weather Update: सितंबर की विदाई के साथ ही अब छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का काउंटडाउन भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके साथ ही प्रदेश में धीरे-धीरे बारिश का दौर कमजोर पड़ने और मौसम के शुष्क होने के संकेत मिल रहे हैं।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहा। राजनांदगांव 34 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान के आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश में अब दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होने लगा है। मानसून की विदाई के साथ आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार यहां भी अब बारिश के बीच अंतर बढ़ने के संकेत हैं।
1 अक्टूबर को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अब क्या बदलेगा मौसम का मिजाज?
मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। हालांकि, मानसून की वापसी के दौरान कुछ इलाकों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम पर नजर बनी रहेगी।
