Dhamtari Sex Racket: शहर से लगे श्यामतराई गांव में कथित देह व्यापार के मामले में अर्जुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान में दबिश देकर 9 युवकों और 6 युवतियों समेत कुल 15 लोगों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। मामले में एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, श्यामतराई इलाके में एक मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सूचना की पुष्टि के बाद देर रात मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 15 लोगों को पकड़ा गया।
दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाकर मकान में देह व्यापार कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब दोनों की तलाश कर रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार, मकान में बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता था। इसी को लेकर कुछ समय पहले जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है।
9 युवक और 6 युवतियां पकड़ी गईं
पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए 15 लोगों में 9 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं। इनमें दो नाबालिग होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बालिग आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों में धमतरी के अलावा श्यामतराई, डांडेसरा, भालूचुवा, नवागांव कंडेल और तेलीनसत्ती सहित अलग-अलग स्थानों के लोग शामिल हैं।
महिला दलाल की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान कथित महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। महिला के खिलाफ पहले भी शिकायत होने का दावा सामने आया है, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।
