CG News Times

मरकाटोला घाट हादसा: घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे विजय शर्मा, चार को मिली छुट्टी

रायपुर। नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट पर हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों का हाल जानने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। स्वास्थ्य में सुधार के बाद चार घायलों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

विशेषज्ञों से उपचार की जानकारी ली

विजय शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनका हाल जाना। परिजनों से भी अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में चर्चा की। परिजनों ने उपचार व्यवस्था पर संतुष्टि जताई।

चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। उनकी शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद जरूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एक घायल का निजी अस्पताल में इलाज

हादसे के बाद से उप मुख्यमंत्री घायलों के उपचार की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के जरिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में भी निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी।

चार घायलों को अस्पताल से छुट्टी

स्वास्थ्य में सुधार के बाद अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती अन्य घायलों को भी समुचित चिकित्सा सुविधा मिले और उपचार में कोई कमी न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *