रायपुर। दुर्ग जिले में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। राज्य शासन के स्थानांतरण आदेश के बाद जिले में पदस्थ 6 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को नई पदस्थापना के लिए भारमुक्त कर दिया गया है। वहीं, दुर्ग, पाटन और धमधा अनुविभागों में कामकाज संभालने के लिए नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के पालन में अधिकारियों को उनके स्थानांतरित जिलों और कार्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के लिए रिलीव किया है।
इन 6 अधिकारियों को किया गया भारमुक्त
आदेश के मुताबिक, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन को कोरबा, हरिवंश सिंह मिरी और लवकेश कुमार ध्रुव को बालोद भेजा गया है। संयुक्त कलेक्टर महेश सिंह राजपूत की पदस्थापना कबीरधाम में की गई है।
वहीं, डिप्टी कलेक्टर उत्तम कुमार ध्रुव को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और डिप्टी कलेक्टर प्रेमूलाल साहू को राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर अटल नगर के लिए भारमुक्त किया गया है।
तीन अनुविभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी
अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद जिले में राजस्व और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए कलेक्टर ने अस्थायी व्यवस्था के तहत नए प्रभार सौंपे हैं।
इसके अनुसार, दुर्ग SDM की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर सोनल डेविड को दी गई है। पाटन SDM का प्रभार डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता संभालेंगे, जबकि धमधा SDM का अतिरिक्त प्रभार भिलाई-3 के SDM प्रकाश सोनी को सौंपा गया है।
ये सभी व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेंगी।
