कबीरधाम। जिले के अपर कलेक्टर एवं पंडरिया एसडीएम संदीप कुमार ठाकुर का रायपुर विकास प्राधिकरण में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर स्थानांतरण हो गया है। गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने उन्हें प्रतीक चिह्न भेंटकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संदीप कुमार ठाकुर ने 21 नवंबर 2022 को संयुक्त कलेक्टर के रूप में कबीरधाम जिले में पदभार संभाला था। उन्होंने 30 सितंबर 2026 तक जिले में विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं। विदाई समारोह में अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और प्रशासनिक योगदान को याद किया।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है। संदीप ठाकुर ने जिले में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न जिम्मेदारियों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि रायपुर विकास प्राधिकरण में भी वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता से बेहतर योगदान देंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने भी उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में संदीप ठाकुर के अनुभव और सहयोग का जिले को लाभ मिला।
नए अधिकारियों का किया स्वागत
समारोह में कलेक्टर ने कबीरधाम जिले में नवपदस्थ संयुक्त कलेक्टर अमित नाथ योगी और महेश सिंह राजपूत के साथ डिप्टी कलेक्टर संजय मरकाम का स्वागत किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिले में सौंपी गई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में संदीप कुमार ठाकुर ने कहा कि कबीरधाम में उनका कार्यकाल बेहतर रहा। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों का लगातार सहयोग मिला, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, रामप्रसाद आचला सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
