CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: बोड़ला के सुदूर वनांचल पहुंचीं कलेक्टर तुलिका प्रजापति, विकास कार्यों का लिया जायजा

कबीरधाम। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आदिवासी बाहुल्य बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों का भ्रमण कर विभिन्न गांवों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मांदी भाट में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बने आवास, खरिया में जल जीवन मिशन की पानी टंकी और पचराही में गौ प्रशिक्षण सह गौधाम की व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर शासकीय योजनाओं के लाभ और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली।

बैगा हितग्राही के आवास का किया निरीक्षण

ग्राम मांदीभाट में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की हितग्राही श्रीमती चैन बत्ती के नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। निर्धारित समय में आवास का निर्माण पूरा होने पर उन्होंने हितग्राही को शुभकामनाएं दीं।

ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत खरिया में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कुल 145 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 106 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीण भगवान सिंह ने पशु शेड की मांग रखी। कलेक्टर ने एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

363 घरों में पहुंच रहा शुद्ध पेयजल

इसके बाद कलेक्टर ग्राम खरिया पहुंचीं, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस टंकी के माध्यम से गांव के सभी 363 घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

7 एकड़ में बने गौधाम का भी निरीक्षण

ग्राम पचराही में कलेक्टर ने गौ प्रशिक्षण सह गौधाम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 7 एकड़ क्षेत्र में स्थित गौधाम में प्रशिक्षण केंद्र, बछड़ा शेड सहित विभिन्न निर्माण कार्य किए गए हैं। कलेक्टर ने वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान पचराही के ग्रामीणों ने कंकालीन मंदिर के विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग कलेक्टर के सामने रखी। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान एसडीएम श्री आशुतोष शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *