CG News Times

विजय शर्मा ने धरमपुरा और बिरकोना को दी ₹78.51 लाख के विकास कार्यों की सौगात, सीसी सड़क और नाली का निर्माण शुरू

कबीरधाम। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्राम धरमपुरा और बिरकोना में 78 लाख 51 हजार रुपए की लागत से बनने वाली सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत होने वाले इन दोनों कार्यों को भूमिपूजन के साथ ही शुरू कर दिया गया है। इनके पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी।

धरमपुरा में 49.74 लाख से बनेगी सड़क

ग्राम धरमपुरा में मानिकचैरी मेन रोड से धान खरीदी केंद्र और गौठान तक 49 लाख 74 हजार रुपए की लागत से 500 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली का निर्माण किया जाएगा। वहीं, ग्राम बिरकोना में 28 लाख 77 हजार रुपए की लागत से 250 मीटर लंबी सीसी सड़क सह नाली बनाई जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

दोनों गांवों में पहले भी हुए विकास कार्य

विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दे रही है। उनके अनुसार, बिरकोना में 1 करोड़ 2 लाख 96 हजार रुपए और धरमपुरा में 1 करोड़ 24 लाख 7 हजार रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। दोनों गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सैकड़ों आवास भी बनाए गए हैं।

85 स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग की तैयारी

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की पहल की जानकारी भी दी। इसके तहत स्कूलों में स्क्रीन लगाकर विद्यार्थियों को पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। क्षेत्र के 85 स्कूलों में से अब तक 50 में स्क्रीन लगाई जा चुकी हैं, जबकि शेष 35 स्कूलों में भी स्क्रीन लगाने की योजना है।

इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के सभी 8 छात्रावासों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए ऑनलाइन शिक्षा संस्थान फिजिक्स वाला के माध्यम से कोचिंग उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

धर्मजीत सिंह ने विकास कार्यों की सराहना की

कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि धरमपुरा और बिरकोना जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीणों के लिए उपयोगी है। उन्होंने विकास कार्यों में महिलाओं की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी और जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

सड़क और नाली निर्माण कार्यों के पूरा होने से दोनों गांवों में आवागमन आसान होने के साथ जल निकासी की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *