CG News Times

विजय शर्मा ने बंदौरा और ठकुराइनटोला को दी 74.80 लाख के विकास कार्यों की सौगात, खराब सड़क दोबारा बनाने के निर्देश

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम बंदौरा और ठकुराइनटोला में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान वे ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे सीधे संवाद करते नजर आए। ग्रामीणों की मांगों पर उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए कुल 74.80 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं, बंदौरा में सड़क की खराब स्थिति की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी को फोन कर सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।

कबीर कुटी से सामाजिक भवन तक, कई निर्माण कार्यों की घोषणा

ग्राम बंदौरा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वार्ड क्रमांक 10 में कबीर कुटी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपए और नवधा मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण और गांव में शेड निर्माण के लिए कुल 18 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।

वहीं, ग्राम ठकुराइनटोला में 7.80 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क, सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए और मुक्तिधाम के लिए 6 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। ग्राम नयापारा पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए दिए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों से गांवों में सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।

खराब सड़क की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान ग्राम बंदौरा के ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति की समस्या उठाई। शिकायत सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी से फोन पर बात की और सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने के लिए कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

मेडिकल कॉलेज से फोरलेन सड़क तक, विकास कार्यों की दी जानकारी

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, धार्मिक पर्यटन और किसानों से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुका है और इसके भवन का निर्माण किया जा रहा है। शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए बिलासपुर और रायपुर रोड से प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क बनाई जा रही है।

भोरमदेव मंदिर के विकास पर 146 करोड़ रुपए खर्च

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि भोरमदेव मंदिर के विकास के लिए 146 करोड़ रुपए के कार्य किए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में कवर्धा विधानसभा के 85 हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा की सुविधा विकसित की जा रही है। इनमें से 50 स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि बाकी 35 स्कूलों में भी बोर्ड लगाने की योजना है।

गन्ने का मूल्य 425 रुपए प्रति क्विंटल करने का जिक्र

विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने की जानकारी दी। साथ ही, गांवों में महतारी सदन के निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *