CG News Times

अमेरिकी इन्फ्लुएंसर का आरोप- शिवानी कुमारी ने कालिख पोतकर बनाया मजाक: बोले- दोस्त समझकर भारत आया था, बिग बॉस फेम बोलीं- परेशानी थी तो मुझसे कहते

औरैया। बिग बॉस फेम शिवानी कुमारी और अमेरिकी इन्फ्लुएंसर मार्विन आची के बीच विवाद सामने आया है। मार्विन ने आरोप लगाया है कि शिवानी ने भारतीय परंपरा का अनुभव कराने के नाम पर उनके चेहरे पर कालिख पोती और सबके सामने उनका मजाक बनाया। उनका कहना है कि वह शिवानी को अपना दोस्त मानते थे, लेकिन सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स के लिए उनके साथ ऐसा किया गया।

मार्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर कर पूरा अनुभव बताया। इसके बाद शिवानी ने भी सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो जारी किया। उन्होंने मार्विन से सवाल किया कि अगर उन्हें किसी बात से तकलीफ थी तो वह सीधे उनसे बात क्यों नहीं कर सके?

विवाद की शुरुआत औरैया के अरियारी गांव में दशहरे के दौरान हुए टेसू-झेंझी कार्यक्रम से जुड़ी है। यहां शिवानी ने मार्विन के चेहरे पर काला रंग लगाकर मूंछें बनाईं और टीका लगाया था। उस समय मार्विन कार्यक्रम में लोगों के साथ नाचते और मस्ती करते दिखे थे। लेकिन बाद में इसी वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हुई।

शिवानी के घर रुके, गांव में घूमे और देसी मेहमाननवाजी का लिया अनुभव

मार्विन पहली बार जुलाई 2025 में औरैया पहुंचे थे। वह शिवानी के गांव अरियारी में उनके घर पर रुके थे। इस दौरान शिवानी ने उन्हें गांव की जिंदगी से रूबरू कराया। देसी खाना खिलाया और बैलगाड़ी की सवारी भी कराई। दोनों के साथ बिताए पलों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए थे।

इसके बाद 24 सितंबर को मार्विन अपनी दोस्त फर्नांडा के साथ फिर भारत आए। लखनऊ एयरपोर्ट पर शिवानी ने उनका स्वागत किया। इस बार मार्विन करीब एक महीने तक भारत में रहे। उन्होंने शिवानी और उनके दोस्तों के साथ ऋषिकेश और राजस्थान समेत कई जगहों की यात्रा की।

मार्विन बोले- शादी का अनुभव कराने के नाम पर चेहरे पर रंग लगाया

मार्विन ने अपने वीडियो में बताया कि ऋषिकेश में शिवानी ने उनसे कहा था कि गांव पहुंचने पर उन्हें भारतीय शादी देखने और उसका अनुभव लेने का मौका मिलेगा। गांव पहुंचने के बाद शिवानी ने उन्हें एक किरदार निभाने की बात कही और उनके चेहरे पर पेंट लगाने लगीं।

मार्विन का कहना है कि उन्हें हिंदी समझ नहीं आती थी। वह यह भी नहीं जान पा रहे थे कि उनके साथ क्या किया जा रहा है। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों की तरफ देखा, लेकिन किसी ने उन्हें कुछ नहीं बताया। वह शिवानी पर भरोसा करके सब होने देते रहे।

बोले- मुझे पता ही नहीं था कि सबके सामने मेरा मजाक बनाया जा रहा है

मार्विन ने कहा कि उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से कोई परेशानी नहीं है। वह खुद पर हंसने और मजाक करने को भी गलत नहीं मानते, लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति को मजाक का हिस्सा बनाना ठीक नहीं है, जिसे पूरी बात ही मालूम न हो।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शिवानी ने यह सब सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाने और ज्यादा व्यूज पाने के लिए किया था? मार्विन के मुताबिक, उन्हें बाद में समझ आया कि जिस चीज को वह सामान्य रस्म या परंपरा समझ रहे थे, उसे लोग मजाक के तौर पर देख रहे थे।

फर्नांडा के चेहरे पर धूल डालने का भी किया जिक्र

मार्विन ने अपनी दोस्त फर्नांडा के साथ हुई एक घटना भी बताई। उन्होंने कहा कि जश्न के दौरान शिवानी ने फर्नांडा के चेहरे पर धूल डाल दी थी, जिससे उसकी आंखों में धूल चली गई। फर्नांडा जब अपना चेहरा साफ करने लगी तो मार्विन उसके पास पहुंचे और माफी मांगी।

उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने शिवानी का बचाव करते हुए फर्नांडा को समझाया था कि भारत में लोग इस तरह भी जश्न मनाते हैं।

शिवानी को बहन मानता था, लेकिन जवाब नहीं मिला

मार्विन ने कहा कि उन्होंने शिवानी को बहन जैसा माना और उन पर भरोसा किया था। किसी दूसरे देश में जाकर, जहां की भाषा और रीति-रिवाजों की जानकारी न हो, वह अपने दोस्त पर ही भरोसा करता है। उन्हें भी उम्मीद थी कि शिवानी उनकी भावनाओं का ख्याल रखेंगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने शिवानी को मैसेज किया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब या सफाई नहीं मिली।

शिवानी का जवाब- 15 दिन साथ रहे, फिर सीधे बात क्यों नहीं की?

मार्विन का वीडियो सामने आने के बाद शिवानी ने रोते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मार्विन उनके साथ करीब 15 दिन तक रहे। इस दौरान अगर उन्हें किसी बात से परेशानी हुई थी तो वह उनसे सीधे पूछ सकते थे।

शिवानी ने कहा कि उन्होंने मार्विन को हमेशा मेहमान की तरह सम्मान दिया। उनके साथ कोई गलत व्यवहार नहीं किया। उन्होंने सवाल किया कि जब वह इतने दिन उनके साथ रहे, तो अपनी नाराजगी बताने के बजाय सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने की जरूरत क्यों पड़ी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *