CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: ई-ऑफिस में उत्कृष्ट काम, राजेन्द्र सिंह धुर्वे सम्मानित

कवर्धा। जिला कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधीक्षक राजेन्द्र सिंह धुर्वे को कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने सम्मानित किया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने उन्हें पौधा भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राजेन्द्र सिंह धुर्वे ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में पांचवां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से कबीरधाम जिले का गौरव बढ़ा है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ई-ऑफिस शासन की कार्यप्रणाली को पारदर्शी, तेज, व्यवस्थित और पेपरलेस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके प्रभावी उपयोग से फाइलों के निराकरण में तेजी आने के साथ कार्यालयीन कार्यों की निगरानी और अधिकारियों के बीच समन्वय भी बेहतर हुआ है।

उन्होंने कहा कि किसी भी शासकीय व्यवस्था की सफलता उसके बेहतर क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। धुर्वे द्वारा प्रदेश स्तर पर पांचवां स्थान हासिल करना सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने जिले के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों से भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने कार्यों में उत्कृष्टता लाने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है। डिजिटल प्रणाली से समय और संसाधनों की बचत के साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आचला सहित जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *