CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: आगजनी से तबाह हुआ होटल, अब फिर खड़ा होगा कारोबार: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर संचालक को मिली 3 लाख की मदद

कवर्धा। कवर्धा शहर के न्यू कल्पना होटल में हुई आगजनी के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे होटल संचालक रबी नारायण पात्रों को बड़ी राहत मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से उन्हें 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

दरअसल, विगत माह न्यू कल्पना होटल में भीषण आग लगने से होटल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे में होटल संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। नुकसान के बाद रबी नारायण पात्रों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से सहायता दिलाने के लिए तत्काल अनुशंसा की। इसके बाद 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई। मंगलवार को उप मुख्यमंत्री की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने होटल संचालक रबी नारायण पात्रों को 3 लाख रुपए का चेक सौंपा।

इस दौरान श्रीमती सतविंदर पाहुजा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अनिल साहू, एल्डरमेन संतोष भारती, लक्ष्मण यादव, शानू साहू, कमलेश द्विवेदी और भूपेंद्र सिंह ठाकुर मौजूद रहे।

आर्थिक सहायता मिलने पर रबी नारायण पात्रों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना के बाद उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ था। ऐसे मुश्किल समय में मिली यह सहायता उनके लिए बड़ा संबल है और इससे उन्हें व्यवसाय को दोबारा खड़ा करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *