CG News Times

Kabirdham Crime News: चॉइस सेंटर में चोरी कर ज्यादा देर नहीं बच पाया आरोपी, CCTV की मदद से पिपरिया पुलिस ने पकड़ा

Kabirdham Crime News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में चोरी की एक वारदात पर पिपरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ग्राम देवरी स्थित चॉइस सेंटर का ताला लोहे की आरी से काटकर अंदर रखी नगदी चोरी की थी। पुलिस ने चोरी की गई पूरी रकम 3,600 रुपये बरामद कर ली है।

चॉइस सेंटर का ताला काटकर की चोरी

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कृतबांधा निवासी गंगाराम साहू ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 नवंबर 2026 की रात ग्राम देवरी स्थित उनके चॉइस सेंटर से 3,600 रुपये की नगदी चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 352/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदेही योगेश्वर उर्फ योगेश चंद्राकर, निवासी ग्राम कृतबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने लोहे की आरी से चॉइस सेंटर का ताला काटकर अंदर घुसने और 3,600 रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की।

चोरी की पूरी रकम बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी रकम 3,600 रुपये बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना पिपरिया के सहायक उप निरीक्षक दर्शन साहू, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह राजपूत, मुकेश राजपूत, आरक्षक राजकुमार साहू और महिला आरक्षक पूनम तिवारी का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *