बालोद। दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके गृह ग्राम भेंड्रा में सभा आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। सभी ने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई।

श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका और पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनसेवा और योगदान को किया याद

उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और जनजीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान, सरल व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।
परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
विजय शर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की गई।
सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, दल्लीराजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू, गुण्डरदेही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन और कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
