Asia Cup Hockey: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाली दो प्रतिभावान खिलाड़ियों—गीता यादव और मधु सिदार—ने हॉकी जूनियर महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का मान बढ़ाया है। चीन में आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल का लोहा मनवाया है।
शानदार प्रदर्शन और गोल का सफर:
मधु सिदार: टूर्नामेंट के दौरान दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच में एक गोल और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 2 गोल दागे। उन्होंने पूरी प्रतियोगिता में कुल 4 गोल किए।
गीता यादव: मलेशिया के खिलाफ मैच में 2 गोल और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 2 गोल मारकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। गीता ने भी इस पूरी प्रतियोगिता में कुल 4 गोल दागे।
भारत ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में 19-0 से करारी शिकस्त दी, जिसमें इन दोनों छत्तीसगढ़ी खिलाड़ियों ने कुल मिलाकर 4 गोल (2-2 गोल) किए। इसके अलावा मलेशिया को 11-1 से हराया, जिसमें गीता यादव के दो गोल शामिल थे। वहीं साउथ कोरिया के खिलाफ मधु सिदार ने एक गोल कर टीम को जीत दिलाई।
अधिकारियों ने दी बधाई:
संचालक खेल एवं युवा कल्याण आकांक्षा शिक्षा खलखो ने रायपुर संचालनालय में दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान बिलासपुर अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, कुलदीप बरार और सुशील अमलेश भी मौजूद रहे।
कवर्धा में हुआ भव्य स्वागत:
चीन से चैंपियन बनकर लौटी कवर्धा की बेटी गीता यादव के नगर आगमन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। ठाकुर देव चौक से बाजे-गाजे के साथ एक भव्य रैली निकाली गई, जो भारत माता चौक तक पहुंची। इस दौरान लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया, आतिशबाजी की और भारत माता के जयकारों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
