CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: लूट के बाद तेलंगाना में छिपा था आरोपी, स्टोन क्रेशर से पुलिस ने दबोचा

कबीरधाम। जिले के कुकदुर थाना पुलिस ने लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर निजामाबाद के एक स्टोन क्रेशर में काम कर रहा था। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला 22 अप्रैल 2026 का है। पुलिस के मुताबिक, शिकारी बैगा निवासी ग्राम चिंयाडांड अपनी मोटरसाइकिल से छोटू यादव और उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के बीच जंगल में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने और पेशाब करने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई।

मोटरसाइकिल रुकते ही दोनों ने लूट की नीयत से शिकारी बैगा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। आरोपी उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए।

एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार

घटना की रिपोर्ट के बाद कुकदुर थाने में अपराध क्रमांक 21/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6), 3(5) BNS में मामला दर्ज किया गया।

मामले में शामिल आरोपी छोटू यादव, निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से लूट का पूरा सामान भी बरामद किया गया था। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

वहीं दूसरा आरोपी छोटेलाल यादव, निवासी ग्राम साल्हेभट्ठी, थाना कुकदुर, घटना के बाद से फरार चल रहा था।

निजामाबाद के स्टोन क्रेशर में छिपा था आरोपी

फरार आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी कुकदुर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि छोटेलाल यादव तेलंगाना के निजामाबाद में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तेलंगाना रवाना हुई।

लगातार पतासाजी के बाद आरोपी का ठिकाना कोरटपल्ली, थाना डिचपल्ली, जिला निजामाबाद स्थित श्री वेंकट सांई स्टोन क्रेशर खदान में मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पहचान छिपाकर यहां रह रहा था।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय और महिला आरक्षक बिमला धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह का बयान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *