CG News Times

कबीरधाम की बड़ी खबर: बाड़ी में छिपाकर रखा था गांजा, 2.628 किलो माल के साथ महिला गिरफ्तार

कंडे में छिपाकर रखे थे गांजे के पैकेट, बिक्री के 10 हजार रुपए और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.628 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की है। जब्त गांजा, नकदी और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कांपा में गिरधारी यादव के आवासीय मकान के पीछे बाड़ी में शौचालय के पास गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कंडे में छिपाकर रखे थे गांजे के पैकेट

पुलिस ने NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए मौके पर तलाशी ली। इस दौरान आरोपिया तितरी बाई यादव, पति गिरधारी यादव, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम कांपा, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम के कब्जे से खाकी रंग के 2 पैकेट और नीले रंग के कपड़े के थैले में रखा कुल 2.628 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार गांजे को कंडे में छिपाकर रखा गया था।

10 हजार रुपए और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी मिली

तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपए नकद भी जब्त किए। इसके अलावा गांजा तौलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 10 किलोग्राम क्षमता की इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी बरामद की गई।

पुलिस ने गांजा, नकदी, तौल मशीन समेत अन्य जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपए आंकी है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने महिला के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश में की गई।

कबीरधाम पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *