CG News Times

त्योहारों से पहले रेलवे का बड़ा अपडेट: पटना-चर्लपल्ली स्पेशल दिसंबर तक चलेगी, 10 ट्रेनों के समय में बदलाव

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन और समय में बदलाव किया है। पटना-चर्लपल्ली-पटना के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन का परिचालन अब 2 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं और कई ट्रेनों के समय में भी संशोधन किया गया है।

पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन का बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। वहीं, 11 सितंबर 2026 से घाटशिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस को ठहराव दिया जाएगा।

पटना-चर्लपल्ली स्पेशल के बढ़ाए गए फेरे

त्योहारी सीजन में यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल के फेरे बढ़ाए गए हैं।

गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 21 सितंबर से 30 नवंबर तक 21 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सोमवार और बुधवार को चलेगी।

गाड़ी संख्या 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 25 सितंबर से 27 नवंबर तक 10 फेरे लगाएगी। इसका संचालन हर शुक्रवार को होगा।

वहीं, गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 23 सितंबर से 2 दिसंबर तक 11 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन हर बुधवार को चलेगी।

बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में ठहराव

पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेनों का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव रहेगा। इन स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सफर कर सकेंगे।

ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 1 पावर कार, 1 एसएलआरडी, 2 जनरल, 4 स्लीपर, 7 एसी-3 और 7 एसी-3 इकोनॉमी कोच शामिल हैं।

घाटशिला में गीतांजली और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव

यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के घाटशिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव शुरू किया जा रहा है। यह सुविधा 11 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक जारी रहेगी।

सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजली एक्सप्रेस घाटशिला स्टेशन पर सुबह 9:44 बजे पहुंचेगी और 9:45 बजे रवाना होगी। हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस शाम 4:31 बजे पहुंचेगी और 4:32 बजे रवाना होगी।

पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस रात 1:07 बजे घाटशिला पहुंचेगी और 1:08 बजे रवाना होगी। हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस रात 12:31 बजे पहुंचेगी और 12:32 बजे रवाना होगी।

पुरी जाने वाली 9 ट्रेनों के समय में बदलाव

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने पुरी और भुवनेश्वर पहुंचने वाली कुछ ट्रेनों के समय में संशोधन किया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित 9 ट्रेनों के पुरी पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है। यह बदलाव अलग-अलग तारीखों से लागू होंगे।

उत्कल एक्सप्रेस अब पुरी स्टेशन पर सुबह 3:35 बजे पहुंचेगी। पहले इसका समय 3:25 बजे था।

जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस अब सुबह 10:45 बजे, इंदौर-पुरी हमसफर एक्सप्रेस शाम 7:00 बजे और एलटीटी-पुरी एक्सप्रेस सुबह 6:45 बजे पुरी पहुंचेगी।

अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस का संशोधित समय सुबह 6:45 बजे और दूसरी अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस का समय सुबह 8:35 बजे किया गया है। अजमेर-पुरी और सूरत-पुरी एक्सप्रेस अब दोपहर 3:05 बजे पुरी पहुंचेंगी। गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस का पहुंचने का समय भी दोपहर 3:05 बजे रहेगा।

एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 15 मिनट देर से पहुंचेगी

एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस के भुवनेश्वर पहुंचने के समय में भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 12879 अब सुबह 7:15 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी, जबकि पहले इसका समय सुबह 7:00 बजे था।

रेलवे के मुताबिक, इन ट्रेनों के मार्ग के अन्य स्टेशनों पर समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *