कवर्धा। कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र में सामान खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में युवक के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। शिकायत के बाद पंडरिया पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शराब भट्ठी के पास स्थित एक दुकान में सामान खरीदने को लेकर संतोष पारधी का साजन सतनामी, लोकेश जांगड़े और पप्पू दाहिरे उर्फ ओंकार से विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने संतोष के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 174/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें मारपीट के कारण उसके हाथ में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की।
इसके अलावा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा के नेतृत्व में पंडरिया पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
