Kabirdham News: कबीरधाम जिले में अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 22 सितंबर 2026 को जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर 13 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, पुलिस के अनुसार पिछले पांच दिनों में कुल 132 आबकारी एक्ट के प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की जा रही है।
शराब बिक्री से लेकर सार्वजनिक सेवन तक पर एक्शन
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब रखने और बेचने, शराब का परिवहन करने, लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने के मामले सामने आए।
थाना कवर्धा पुलिस ने कांपा निवासी चंदन पिता शेखराम साहू, उम्र 37 वर्ष के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की। उसके कब्जे से 2160 मिलीलीटर शराब और 960 रुपये जब्त किए गए।
वहीं, चिल्फी पुलिस ने लोहाराटोला निवासी रामलाल पिता भगेल सकुलगड़िया, उम्र 26 वर्ष के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2160 मिलीलीटर शराब, 960 रुपये और 320 रुपये बिक्री रकम जब्त की।
सार्वजनिक जगह पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई
पिपरिया पुलिस ने लखनपुर कला निवासी मनोज पिता छोटूराम चंद्रवंशी के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने के मामले में धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
इसी तरह पुलिस चौकी दशरंगपुर, थाना पिपरिया ने मरजापुर निवासी रामसिंग पिता मन्नु यादव, उम्र 37 वर्ष के खिलाफ भी सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के मामले में कार्रवाई की।
कुण्डा पुलिस ने गुंढ़ेटा निवासी संतोष पिता जुठेल चंद्राकर, उम्र 61 वर्ष के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1440 मिलीलीटर शराब, 640 रुपये और 230 रुपये बिक्री रकम जब्त की।
दामापुर और कुकदुर में भी कार्रवाई
पुलिस चौकी दामापुर, थाना कुण्डा ने कंवलपुर निवासी लुमन भास्कर, उम्र 49 वर्ष के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। उसके कब्जे से 3060 मिलीलीटर शराब, 1360 रुपये और 160 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई।
वहीं, थाना कुकदुर पुलिस ने कुई निवासी अजित पिता तिरथ धुर्वे, उम्र 21 वर्ष के खिलाफ लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पोड़ी चौकी क्षेत्र में 6 प्रकरण दर्ज
पुलिस चौकी पोड़ी, थाना बोड़ला क्षेत्र में भी आबकारी एक्ट के तहत 6 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन सभी मामलों में धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
इन मामलों में शाहिद पिता ईदलअली, हेमंत पिता रामभजन बघेल, अमीर पिता नूर मोहम्मद, जाहिद पिता ईद अली, शाहिद पिता रहमा नुरुद्दीन और राजूलाल पिता राजकुमार बर्मन के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार इन मामलों में आरोपियों के कब्जे से 270-270 मिलीलीटर शराब और प्रकरण के अनुसार 120 से 132 रुपये तक की राशि जब्त की गई। आरोपियों पर लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पांच दिनों में 132 आबकारी प्रकरण
कबीरधाम पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के भंडारण, बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
