कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत टाटीकसा में गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और श्रीफल अर्पित कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया।
योजनाओं और विकास कार्यों पर हुई चर्चा
विशेष ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और टीकाकरण सहित गांव के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों से गांव की जरूरतों और विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए गए। साथ ही पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
ग्राम पंचायत सरपंच संगीता अशोक साहू ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और ग्राम स्वराज का संदेश देता है। गांधी जी का मानना था कि देश का वास्तविक विकास गांवों के विकास से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में शासन की योजनाओं का पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन और प्रत्येक पात्र परिवार तक लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
सरपंच ने कहा कि गांव का विकास केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से स्वच्छ, स्वस्थ, शिक्षित और सुविधायुक्त टाटीकसा बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गांव के विकास, स्वच्छता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहभागिता का संकल्प लिया।
ग्राम सभा में श्रीमती नीरा साहू, मोहित रजक, पंचायत सचिव मेघराज श्रीवास, ग्राम कोटवार दशरथ गंधर्व, मोहनपुर ग्राम पटेल लग्नू पटेल, अंकलहा साहू, पंचू रजक, अवध धुर्वे, श्रीमती अंकलहीन साहू, बाला रजक, सुशील धुर्वे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
