CG News Times

गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रोरेट में हुआ माल्यार्पण, अधिकारियों ने विचारों को अपनाने का दिया संदेश

कवर्धा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिला कार्यालय के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती की बधाई दी।

अपर कलेक्टर पैकरा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़े उद्देश्यों, विचारों और संस्कारों को हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग उनके विचारों को आत्मसात करें, तो देश की प्रगति के साथ समाज में भी खुशहाली आएगी।

उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के पदचिह्नों पर चलते हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाकर आगे बढ़ा जा सकता है। आज के दौर में भी समाज के लिए बेहतर काम करने वालों को पहचान जरूर मिलती है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर आरपी आचला, डिप्टी कलेक्टर सागर सिंह, डिप्टी कलेक्टर रुचि शार्दुल, कलेक्ट्रोरेट अधीक्षक राजेन्द्र धुर्व्रे समेत जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *