रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के लिए हाईटेक मेगा एग्जाम सेंटर बनाने की योजना तैयार की जा रही है। राजधानी रायपुर में बनने वाले इस केंद्र में राज्य और केंद्र स्तर की परीक्षाएं आयोजित की जा सकेंगी। परियोजना के लिए करीब 25 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है।
एक ही केंद्र पर होंगी ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षाएं
प्रस्तावित मेगा एग्जाम सेंटर में एक साथ करीब 5 हजार परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। केंद्र को ऑफलाइन परीक्षाओं के साथ कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT मोड के लिए भी तैयार किया जाएगा।
नकल रोकने के लिए होगी हाईटेक निगरानी
परीक्षा केंद्र की डिजाइन इस तरह तैयार करने की योजना है कि परिसर से लेकर परीक्षा हॉल तक निगरानी की जा सके। इसके लिए CCTV कैमरों सहित नकल रोकने और परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उपायों को डिजाइन में शामिल किया जाएगा।
PWD करेगा निर्माण, आर्किटेक्ट की तलाश शुरू
इस परियोजना का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कराया जाएगा। विभाग ने परीक्षा केंद्र के भवन की ड्राइंग और डिजाइन तैयार कराने के लिए आर्किटेक्ट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ऐसी जगह चुनी जाएगी, जहां पहुंचना हो आसान
मेगा एग्जाम सेंटर के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। स्थान का चयन करते समय अभ्यर्थियों की सुविधा और केंद्र तक आसान पहुंच को प्राथमिकता देने की योजना है, ताकि दूर-दराज से परीक्षा देने आने वाले छात्रों को परेशानी न हो।
