CG News Times

आवेदन में गलती हुई तो नहीं मिलेगा लाभ, लंबित प्रकरणों का जल्द करें निराकरण: कलेक्टर तुलिका प्रजापति

कवर्धा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बैंकर्स और विभागीय अधिकारियों को हितग्राहियों के आवेदनों में त्रुटि नहीं होने देने और लंबित प्रकरणों का जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहियों के आवेदन सही तरीके से तैयार किए जाएं, ताकि तकनीकी या दस्तावेजी कमी के कारण पात्र लोगों के आवेदन निरस्त न हों। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना विभागों और बैंकर्स की प्राथमिकता होनी चाहिए।

वनांचल और ग्रामीण हितग्राहियों पर विशेष फोकस

कलेक्टर ने वनांचल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। बैंकिंग से संबंधित मामलों में हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए बैंकर्स और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल को स्किल डेवलपमेंट कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

70 हजार से अधिक दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य

बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 70 हजार से अधिक दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने चिन्हांकित लखपति दीदियों को प्राथमिकता से विभिन्न शासकीय योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में लाया जाए। इसकी प्रगति की हर महीने कलेक्टर स्वयं समीक्षा करेंगी।

बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खादी एवं ग्रामोद्योग, जिला अंत्यावसायी, मत्स्य विभाग, पीएम सूर्यघर योजना और जिला पंचायत की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *