रायपुर। सावन माह के अंतिम सोमवार पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन किए और नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के बीच पहुंचे और उनके साथ समय बिताया।
विजय शर्मा ने आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की और उनके साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर यात्रा के बारे में जानकारी ली और यात्रा मार्ग में मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
भोरमदेव-अमरकंटक कांवड़ यात्रा के लिए इंतजाम
भोरमदेव से अमरकंटक तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मार्ग में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पेट्रोलिंग दल भी तैनात किए गए हैं।
अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यहां दाल-भात, सब्जी के साथ खीर, पूरी और हलवा सहित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सावन के इस पवित्र अवसर पर भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें।
