कवर्धा। कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के लिए 25 अगस्त को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 के कक्षा 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 171 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये और कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
मेहनत और उपलब्धि को मिलेगा सम्मान
विधायक विजय शर्मा विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि और प्रतीक चिन्ह प्रदान करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को सम्मान देना, उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास बढ़ाना और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
समारोह में विद्यार्थियों के साथ उनके विद्यालयों के प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन और परिवार के योगदान को भी सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा।
कवर्धा ब्लॉक के विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
कवर्धा विकासखंड के कक्षा 12वीं में 93.20 प्रतिशत अंक के साथ क्रिश्लय मिश्रा ने बेहतर प्रदर्शन किया। इसके अलावा जागृति साहू ने 92.80 प्रतिशत, राकेश जांगड़े और खेमलाल ने 92.20 प्रतिशत तथा विद्यांशु चंद्रवंशी ने 91.80 प्रतिशत अंक हासिल किए।
वहीं कक्षा 10वीं में रिया केशरवानी ने 98.83 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अशफिया खान ने 96.67 प्रतिशत, गिनम ठाकुर/नितेश ठाकुर ने 96 प्रतिशत, घनश्याम साहू और विनय कुमार बंजारे ने 95.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
बोड़ला और सहसपुर लोहारा के मेधावी भी होंगे सम्मानित
बोड़ला विकासखंड में कक्षा 12वीं के अमन ने 91 प्रतिशत, ज्योति महोबिया ने 90.60 प्रतिशत और राधिका साहू ने 90.40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। कक्षा 10वीं में भूमिका साहू ने 96.50 प्रतिशत और एक विद्यार्थी ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
सहसपुर लोहारा विकासखंड में कक्षा 12वीं के निखिल ने 94.60 प्रतिशत और खिलेश ने 93 प्रतिशत अंक हासिल किए। कक्षा 10वीं में रिया मिश्रा ने 94.67 प्रतिशत, अवनी पाण्डेय ने 94.50 प्रतिशत और महालक्ष्मी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह के जरिए क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य है कि कवर्धा के विद्यार्थी आगे चलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।
