Heavy Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के आसपास बन रहा मौसमी सिस्टम छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ाने वाला है।
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 19 से 21 सितंबर के दौरान प्रदेश में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि 22 सितंबर से कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
19 से 23 सितंबर तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार अभी मानसून की गतिविधियां छत्तीसगढ़ में पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। लेकिन अब मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 19 से 23 सितंबर के बीच प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। रायपुर में भी 19 से 23 सितंबर तक बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है
अंडमान सागर में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
IMD के मुताबिक उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 18 सितंबर की शाम उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में पहुंच गया। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम तक उत्तर अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद यह सिस्टम अगले 3 से 4 दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है और दक्षिण ओडिशा तथा उत्तर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की संभावना है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 19 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 20 और 21 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
22 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट
IMD के छत्तीसगढ़ के लिए जारी चेतावनी में 22 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। 23, 24 और 25 सितंबर को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
यानी फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
