CG News Times

India vs Zimbabwe T20 in Raipur: नवा रायपुर में गूंजेगा चौकों-छक्कों का शोर, भारत और जिम्बाब्वे टीम के बीच इस दिन खेला जाएगा मुकाबला; मुख्य सचिव ने ली उच्च स्तरीय बैठक

India vs Zimbabwe T20 in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का महाकुंभ सजने वाला है। भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच होने वाली आगामी टी-20 सीरीज के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इसे लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन तारीखों पर खेले जाएंगे मुकाबले

शेड्यूल के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच तीन अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। इस आयोजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रशासनिक तैयारी और लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन

मैच के सफल संचालन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है। इस समिति में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।

तकनीक और सुविधाओं पर विशेष जोर

ओपन वाई-फाई: दर्शकों को ई-टिकट स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश पाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी।

टिकट और पार्किंग: टिकटों का वितरण पूरी तरह ऑनलाइन होगा और टिकट धारकों को निश्चित अनुपात में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम का नाम ‘शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर’ टिकटों पर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

कनेक्टिविटी और सुरक्षा: बीएसएनएल द्वारा स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सुचारू रखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वीवीआईपी आवागमन और आपातकालीन स्थिति के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग और स्थल पर एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

इस उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस कमिश्नर, परिवहन विभाग के सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, जनसंपर्क संचालक और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *