CG News Times

Kabirdham Fraud News: पूजा-पाठ से सोना डबल करने का झांसा, 7 लाख के गहने लेकर फरार हुए ठग; महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार

Kabirdham Fraud News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोना डबल करने का लालच देकर लाखों रुपये के गहने ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ के जरिए सोना दोगुना करने का झांसा देकर सराफा कारोबारी से 65.5 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए। इनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 15 हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पूजा-पाठ से सोना डबल करने का दिया झांसा

पुलिस के मुताबिक, मामला कवर्धा के सराफा लाइन का है। यहां रहने वाले छोटे लाल सोनी ने 6 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उसी दिन दो व्यक्ति उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान पहुंचे थे। दोनों ने पूजा-पाठ के माध्यम से सोना डबल करने का प्रलोभन दिया।

इसके बाद आरोपियों ने दुकान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ किया और सोना दोगुना करने का झांसा देकर कारोबारी से सोने की चैन, अंगूठी और लॉकेट ले लिए। इन आभूषणों का कुल वजन 65.5 ग्राम और कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। गहने लेकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से हुई आरोपी की पहचान

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 456/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। जांच में हसनैन नासिर अली ईरानी, पिता नासिर अली, उम्र 18 वर्ष, निवासी भुसावल, जिला जलगांव (महाराष्ट्र) की पहचान हुई।

महाराष्ट्र से पकड़कर कवर्धा लाई पुलिस

पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विवेचना में अपेक्षित सहयोग नहीं किया और नोटिस की शर्तों का पालन भी नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और कवर्धा लाया।

थाने में प्रार्थी से आरोपी की पहचान कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

48 हजार रुपये में से 15 हजार बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने धोखाधड़ी से मिली रकम में अपने हिस्से के 48 हजार रुपये होने की जानकारी दी। इसमें से खर्च के बाद बची 15 हजार रुपये की रकम उसकी निशानदेही पर बरामद की गई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में रकम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।

यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में सिटी कोतवाली और साइबर थाना पुलिस टीम की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *