CG News Times

Kabirdham Crime News: 33 टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी का बड़ा मामला, 4 साल से फरार चौथा आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार

Kabirdham Crime News: हरियाणा से ओडिशा जा रहे ट्रक में लदे 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की कथित हेराफेरी के मामले में कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिल्फी घाटी में ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त दिखाकर माल गायब करने के इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे चौथे आरोपी रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, अब भी करीब 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी बाकी है।

ट्रक को दुर्घटनाग्रस्त दिखाकर की गई थी माल की हेराफेरी

पुलिस के अनुसार, यह मामला 30 अगस्त 2022 का है। हरियाणा के रोहतक से ट्रक क्रमांक RJ-05-GB-5730 में 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप लोड कर ओडिशा के टाटा स्टील, कलिंगनगर के लिए रवाना किया गया था। कंपनी ने ट्रक का 94 हजार रुपये किराया वाहन मालिक के HDFC बैंक खाते में जमा कराया था।

लेकिन ट्रक निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। कंपनी की ओर से जानकारी जुटाने पर ट्रक कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र की चिल्फी घाटी में खाई में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। जांच के दौरान ट्रक में करीब 8 मीट्रिक टन स्क्रैप ही पाया गया, जबकि रवाना करते समय उसमें 33.290 मीट्रिक टन माल लोड था।

इस तरह शेष स्टील स्क्रैप की हेराफेरी किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने थाना चिल्फी में शिकायत दर्ज कराई।

पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथा लंबे समय से था फरार

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्तता पाए जाने पर हिमांशु राजपूत, धर्मेंद्र कुमार और पवन राजपूत को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और अन्यआरोपियों के कथनों के आधार पर रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय की भूमिका भी सामने आई। 35 वर्षीय आरोपी पिता राजपाल पाण्डेय, निवासी वृंदावन गार्डन, थाना साहिबाबाद, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

साइबर सेल की मदद से गाजियाबाद पहुंची पुलिस

थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी हासिल की। इसके बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में उसकी तलाश की गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में उसकी संलिप्तता से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 30 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाया गया आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय गाजियाबाद से दो कार्य दिवस का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर कबीरधाम लाया गया। यहां पूछताछ के दौरान उसका धारा 23(2) बीएनएसएस के तहत मेमोरेंडम कथन लेखबद्ध किया गया।

इसके बाद 1 नवंबर 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

अब भी 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी बाकी

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में अब तक करीब 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी शेष है। पुलिस इस माल का पता लगाने और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वहीं, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में चिल्फी पुलिस ने आरोपी की तलाश पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *