CG News Times

Kabirdham News: गांधी जयंती पर भोरमदेव में चला स्वच्छता अभियान, कलेक्टर समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

Kabirdham News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल भोरमदेव मंदिर परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के अंतर्गत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की।

कार्यक्रम में कलेक्टर तुलिका प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, डीएफओ निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण शामिल हुए।

मंदिर परिसर से तालाब और पार्क तक हुई सफाई

श्रमदान के दौरान भोरमदेव मंदिर परिसर के साथ सामने स्थित तालाब, पार्किंग स्थल, पार्क और आसपास के क्षेत्रों की भी साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को सार्वजनिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी अभियान में भागीदारी निभाई और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कलेक्टर बोलीं- स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन चलने वाला अभियान नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भोरमदेव जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता एवं संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से होने वाले श्रमदान कार्यक्रम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी की लोगों से अपील

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह सार्वजनिक परिसर, मंदिर, कार्यालय और पर्यटन स्थलों को साफ रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भोरमदेव मंदिर ऐतिहासिक, पुरातात्विक और जनआस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे स्थलों की स्वच्छता के लिए सभी लोग मिलकर लगातार प्रयास करेंगे तो इनकी सुंदरता और स्वच्छता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *